भाजपा नेता कमलेश उनियाल ने व्यक्तिगत संसाधनों से किया कमाल

भाजपा नेता कमलेश उनियाल ने व्यक्तिगत संसाधनों से किया कमाल

रामरतन. पंवार/जखोली

*सरकार जहां बजट का रोना रो रही है, वहीं कमलेश उनियाल ने व्यक्तिगत संसाधनों से शुरू की सोलर फेंसिंग, किसानों और मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए बना उदाहरण*

रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में जंगली जानवरों से ग्रामीणों और उनकी फसलों की सुरक्षा के लिए समाजसेवी कमलेश उनियाल द्वारा एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल की गई है। जहां एक ओर सरकारें बजट और योजनाओं की कमी का हवाला देती रही हैं, वहीं कमलेश उनियाल ने बिना किसी सरकारी या संस्थागत सहयोग के अपने व्यक्तिगत संसाधनों से गांवों में सोलर फेंसिंग लगाने का कार्य शुरू कर एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इसी क्रम में ग्राम फड़किया, भारदार (रुद्रप्रयाग विधानसभा) में कमलेश उनियाल द्वारा अपने व्यक्तिगत साधनों से स्थापित सोलर फेंसिंग का सफल परीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में उसका उद्घाटन भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य जंगली जानवरों जैसे बंदर, सूअर, भालू और बाघ से किसानों की फसलों वह ग्रामीणों की सुरक्षा करना तथा ग्रामीणों की आजीविका को सुरक्षित करना है।
कमलेश उनियाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग विधानसभा के लगभग 350 गांवों में जनसंपर्क के दौरान यह समस्या बार-बार सामने आई कि जंगली जानवरों के कारण किसानों की फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं और इससे ग्रामीणों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने अपने व्यक्तिगत संसाधनों से सोलर फेंसिंग लगाने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 32 ऐसे गांवों का चयन किया गया है जहां जंगली जानवरों का अत्यधिक खतरा है और किसानों की फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है। इन गांवों में चरणबद्ध तरीके से सोलर फेंसिंग का कार्य किया जा रहा है।
कमलेश उनियाल ने विशेष रूप से उन ग्रामीणों और किसानों को इस पहल में शामिल किया है जो कृषि और उद्यान को आजीविका का माध्यम बनाकर अपने गांव में ही रोजगार के अवसर तैयार कर रहे हैं। उनका मानना है कि यदि किसानों की फसल सुरक्षित होगी तो गांवों में आजीविका मजबूत होगी और पलायन जैसी समस्या को भी रोका जा सकेगा।
उनकी इस पहल का मुख्य उद्देश्य जंगली जानवरों से सुरक्षा, फसलों की रक्षा और ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करना है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी प्रकार के प्रयास लगातार होते रहे तो खेती को फिर से मजबूत किया जा सकता है और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल सकती है।
कमलेश उनियाल की इस पहल को रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की जनता विशेष रूप से सराह रही है। क्षेत्र की मातृशक्ति और किसान वर्ग इस कदम को अपनी सुरक्षा और सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं। कई ग्रामीणों का कहना है कि किसानों और महिलाओं की समस्याओं को समझते हुए जो पहल कमलेश उनियाल ने की है, उससे क्षेत्र की महिलाओं की नजरों में उनके प्रति विशेष विश्वास और सम्मान का भाव भी बढ़ा है।
कमलेश उनियाल ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जहां-जहां जरूरत होगी वहां अपने व्यक्तिगत संसाधनों से सोलर फेंसिंग लगाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की फसल, आजीविका और गांव की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *