


नम आंखों से दी श्रद्धांजलि, एसजीआरआर सहसपुर ने अपने वीर सपूत को किया नमन
असम विमान हादसे में शहीद हुए स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह की स्मृति में आयोजित हुई शोक सभा
देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) पब्लिक स्कूल, सहसपुर में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह के असम में हुए विमान हादसे में शहीद होने पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन कर शहीद अधिकारी को नम आंखों से याद किया गया।
विद्यालय परिवार ने स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या शाहना रहमान, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रधानाचार्या शाहना रहमान ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह विद्यालय के गौरव थे। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी सम्मान और गर्व के साथ याद रखेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रशांत सिंह का जीवन युवाओं के लिए देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। विद्यालय परिवार को उन पर गर्व है।
इस दौरान विद्यालय परिवार ने शहीद प्रशांत सिंह के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक रहा और सभी ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
