दिल्ली की कोर ग्रुप बैठक में भाजपा के बड़े फैसले

दिल्ली की कोर ग्रुप बैठक में भाजपा के बड़े फैसले

दिल्ली की कोर ग्रुप बैठक में भाजपा के बड़े फैसले

अगस्त-सितंबर के संगठनात्मक कार्यक्रम तय, बूथ सशक्तिकरण से हर घर तिरंगा अभियान तक बनेगा माहौल

देहरादून, 5 अगस्त। दिल्ली में भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में संगठन को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में हुई बैठक में अगस्त और सितंबर माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और स्वतंत्रता दिवस से जुड़े अभियानों को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है।
बैठक में तय किया गया कि 8 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित होगी, जबकि 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक होगी। दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को सौंपी गई है।
9 अगस्त को पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसका समन्वय युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली करेंगे। इसके बाद 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट को दी गई है।
संगठनात्मक गतिविधियों के तहत 17 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के सांसदों एवं विधायकों की बैठक तथा 18 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के सांसदों एवं विधायकों की बैठक आयोजित होगी। दोनों बैठकों के समन्वय का दायित्व प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को सौंपा गया है।
बैठक में 19 अगस्त से बूथ सशक्तिकरण अभियान शुरू करने और 23 अगस्त से प्रदेशभर में शक्ति केंद्रों की बैठकों के आयोजन का भी निर्णय लिया गया। इसके बाद पूरे सितंबर माह में विशेष अभियान चलाकर ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद और बैठकें की जाएंगी, जो वर्तमान में किसी संगठनात्मक या अन्य दायित्व में नहीं हैं। पार्टी का मानना है कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
बैठक में लिए गए निर्णयों को संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सक्रियता और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *