कांग्रेस का 2027 के चुनाव जीतने पर फोकस पूरा, लेकिन संगठन अभी भी अधूरा

कांग्रेस का 2027 के चुनाव जीतने पर फोकस पूरा, लेकिन संगठन अभी भी अधूरा

 

कांग्रेस का 2027 के चुनाव जीतने पर फोकस पूरा, लेकिन संगठन अभी भी अधूरा

शुभ मुहूर्त की तलाश में कांग्रेस की कार्यकारिणी! चुनाव नजदीक, संगठन अब भी अधूरा

नवरात्रि, दीपावली, होली… हर बार मिला आश्वासन, लेकिन नई टीम का इंतजार अब भी जारी

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव जीतने के लिए संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का दावा कर रही है। लेकिन प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन अब भी अधर में लटका हुआ है। यही कारण है कि पार्टी की चुनावी तैयारियों के साथ-साथ संगठनात्मक क्षमता पर भी विपक्षी पार्टी द्वारा सवाल उठने लगे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 11 नवंबर 2025 को गणेश गोदियाल को दूसरी बार उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्हें अध्यक्ष बने करीब नौ महीने हो चुके हैं, लेकिन प्रदेश कार्यकारिणी का गठन अब तक नहीं हो पाया है। इससे पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का कार्यकाल भी नई कार्यकारिणी के गठन के बिना ही समाप्त हो गया था।
कांग्रेस के भीतर लंबे समय से कार्यकारिणी गठन को लेकर अलग-अलग समय पर आश्वासन दिए जाते रहे हैं। कभी कहा गया कि नवरात्रि के बाद नई टीम बनेगी, फिर दीपावली के बाद संगठन विस्तार की बात हुई। इसके बाद होली के बाद कार्यकारिणी घोषित होने की चर्चाएं भी चलीं। लेकिन हर बार सिर्फ तारीखें बदलीं, नई कार्यकारिणी का ऐलान नहीं हुआ। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा आम हो गई है कि आखिर कांग्रेस को कार्यकारिणी गठन के लिए “शुभ मुहूर्त” कब मिलेगा।
पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मानते हैं कि बिना पूर्ण संगठन के चुनावी तैयारियों को गति देना आसान नहीं होगा। प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर कई पद अभी भी खाली हैं। ऐसे में संगठन की जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा नहीं हो पा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में अब समय तेजी से कम हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस को यदि भाजपा के मुकाबले मजबूत चुनौती पेश करनी है तो संगठन का पूरी तरह सक्रिय होना जरूरी है। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद ही जिला, महानगर, ब्लॉक और मोर्चा संगठनों को भी नई दिशा और जिम्मेदारियां मिल सकेंगी।
इस पूरे मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व और हाईकमान के बीच लगातार चर्चा चल रही है तथा जल्द ही नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। उनका कहना है कि संगठन में सभी क्षेत्रों, वर्गों और वरिष्ठ नेताओं के साथ युवाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है, इसलिए प्रक्रिया में समय लग रहा है।
हालांकि सवाल अब भी बरकरार है कि जब कांग्रेस 2027 में सरकार बनाने का दावा कर रही है, तब चुनाव से पहले सबसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक ढांचे का गठन आखिर कब होगा। कार्यकर्ताओं से लेकर राजनीतिक विश्लेषकों तक सभी की निगाहें अब प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *