


राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने शुरू किया ‘काम मांगो अभियान’
युवाओं को रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में काम के अवसर उपलब्ध कराने को लेकर कांग्रेस का अभियान
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी श्री दीपक राठौर की उपस्थिति में राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं के पलायन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध न होने के मुद्दे पर गंभीर चर्चा की गई। इसी क्रम में संगठन द्वारा प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री ललित फर्स्वाण ने कहा कि उत्तराखंड का युवा आज रोजगार की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर है। सरकार द्वारा रोजगार एवं स्वरोजगार के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता और आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ का उद्देश्य सरकार से रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए उनके अधिकार का काम और सम्मानजनक रोजगार मांगना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 13 जिलों में अगले दो महीने के भीतर प्रत्येक जिले के कम से कम एक ब्लॉक में ’’काम मांगो अभियान’’ ख्लसश्स जसश्ेगस जिसकी शुरूआत जनपद चमोली के जोशीमठ ब्लॉक से की जायेगी तथा प्रथम चरण में चमोली के साथ ही हरिद्वार, देहरादून, उधमसिंहनगर एवं नैनीताल जनपदों में अभियान की शुरूआत की जायेगी।
श्री ललित फर्स्वाण ने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन गांव, गरीब, किसान, मजदूर और युवा की आवाज को पंचायत स्तर से प्रदेश स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘काम मांगो अभियान’ के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश के युवाओं और ग्रामीण जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी श्री दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन एवं स्वरोजगार के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसके लिए सरकार को ठोस और दीर्घकालिक रोजगार नीति बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने तथा गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में सरकार को तत्काल कदम उठाने के लिए विवश किया जायेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ‘काम मांगो अभियान’ को प्रदेश के प्रत्येक जनपद, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के माध्यम से युवाओं, ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी रोजगार संबंधी समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा तथा सरकार के समक्ष स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने तथा प्रदेश के प्रत्येक गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता का भी आयोजन किया गया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, आरजीपीआरएस के गढवाल मंडल प्रभारी गंभीर ंिसह जयाडा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रूडकी प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ, हल्द्वानी महानगर विजय, उधमसिंहनगर प्रभारी विमल शाहू, रूडकी जिला प्रभारी मो0 ईशा त्यागी, संयोजक महेश त्रिकोटी, जिलाध्यक्ष हल्द्वानी राधा आर्य, मनोज बिष्ट, कोटद्वार जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र नेगी, उत्तरकाशी जिलाध्यक्ष हंसपाल बिष्ट, पौडी जिलाध्यक्ष मुकेश बिष्ट, प्रदेश महासचिव हेम पगडिया उपस्थित थे।
