


पौराणिक भेड़ू का तमाशा मेले में सम्मिलित हुए पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण
भगवान समेश्वर महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की
उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण आज वरुणाघाटी क्षेत्र के उपरीकोट गांव में आयोजित त्रैवार्षिक पौराणिक “भेड़ू का तमाशा” मेले के प्रथम दिवस सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने आराध्य देवता भगवान समेश्वर महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए देव आशीर्वाद प्राप्त किया।
पौराणिक मान्यताओं और स्थानीय परंपराओं से जुड़े इस मेले में सुदूर बुग्याली क्षेत्रों से सकुशल वापस लौटी भेड़ों को भगवान समेश्वर महाराज के मंदिर की परिक्रमा कराई जाती है। इसे क्षेत्र की समृद्ध लोक आस्था और पशुपालन परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन माना जाता है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक थौलू और मेले हमारी आस्था, लोकसंस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ाव का जीवंत माध्यम हैं। आधुनिकता के दौर में भी उपरीकोट के ग्रामीणों ने जिस श्रद्धा, समर्पण और उत्साह के साथ अपनी पौराणिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखा है, वह सराहनीय होने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, लोक परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के सशक्त माध्यम भी हैं। इन परंपराओं को संरक्षित और आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पूर्व विधायक ने समस्त क्षेत्रवासियों को पौराणिक “भेड़ू का तमाशा” मेले की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान समेश्वर महाराज से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान भूपेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य हीरालाल शाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल रावत, राजेंद्र राजू राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख भटवाड़ी मीरा, भाजपा महामंत्री महावीर नेगी, रविराज नेगी, सुनील कुमार, विनोद नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु ग्रामीण मौजूद रहे।
