कनाडा में गूंजा भारत का राष्ट्रगान, उत्तम ने बढ़ाया तिरंगे का मान

कनाडा में गूंजा भारत का राष्ट्रगान, उत्तम ने बढ़ाया तिरंगे का मान

कनाडा में गूंजा भारत का राष्ट्रगान, उत्तम ने बढ़ाया तिरंगे का मान

83 किलो वर्ग में रचा इतिहास, इक्विप्ड में गोल्ड तो क्लासिक में सिल्वर पर किया कब्जा

विनिपेग, कनाडा। कॉमनवेल्थ पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में भारतीय पावरलिफ्टर उत्तम सिंह रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। 83 किलोग्राम वर्ग में उत्तम ने दोहरी सफलता हासिल करते हुए इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक और क्लासिक बेंच प्रेस में रजत पदक अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे उत्तम सिंह रावत ने अपनी ताकत, तकनीक, अनुशासन और वर्षों की कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया। क्लासिक बेंच प्रेस स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने के बाद उत्तम ने इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
पोडियम पर तिरंगा देखना था बचपन का सपना
उत्तम सिंह रावत के लिए यह उपलब्धि महज पदक जीतने तक सीमित नहीं है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय पोडियम पर तिरंगा लहराते देखना और राष्ट्रगान सुनना उनके बचपन से देखे गए सपने का हिस्सा था। इस सपने के साकार होने पर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए परिवार, मित्रों, समर्थकों और सहयोगियों का आभार जताया।
कोच और चाचा महेश जी को दिया सफलता का श्रेय
उत्तम ने अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय अपने पावरलिफ्टिंग कोच एवं चाचा महेश जी को दिया। उन्होंने बताया कि महेश जी ने बचपन से ही उन्हें प्रशिक्षण, तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। लंबे समय से महेश जी उनके व्यक्तिगत कोच और मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं।
उत्तम सिंह रावत की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। कनाडा में भारत के लिए दो पदक जीतकर उत्तम ने अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग मंच पर देश का मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *