

रिपोर्ट: रामरतन सिंह पंवार, जखोली
कुलपति भगवती प्रसाद भट्ट के प्रयासों की क्षेत्रवासियों ने की सराहना, भविष्य में भी भव्य आयोजन का लिया संकल्प
जखोली। विकासखंड जखोली के अंतर्गत भरसार विश्वविद्यालय, पौड़ी के चिरबटिया स्थित पर्वतीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। मेले के समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि चिरबटिया कृषि महाविद्यालय में पहली बार आयोजित यह किसान मेला क्षेत्र और जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भरसार विश्वविद्यालय के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए सरकार की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति भगवती प्रसाद भट्ट और आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कुलपति भगवती प्रसाद भट्ट ने कहा कि भविष्य में भी चिरबटिया में इसी प्रकार भव्य किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन किसी एक व्यक्ति के प्रयासों से सफल नहीं होते, बल्कि इसके लिए क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। इस बार क्षेत्रवासियों से भरपूर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा, जिससे विश्वविद्यालय क्षेत्र के विकास और किसानों के हित में निरंतर कार्य करता रहेगा।
मेले के दूसरे दिन सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान लोगों ने विभिन्न गतिविधियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। पहली बार आयोजित इस किसान मेले को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने आयोजन की सफलता के लिए कुलपति भगवती प्रसाद भट्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मेहरवान सिंह रावत, पूर्व प्रधान धूम सिंह राणा, लुठियाग की प्रधान सुदीपा मेहरा, जखोली ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप, सतीश भट्ट थपलियाल, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महावीर पंवार, उपप्रमुख चैन सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: रामरतन सिंह पंवार, जखोल

