जनादेश का सम्मान, जनता को जवाब देना भी सरकार की जिम्मेदारी : धामी ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड

जनादेश का सम्मान, जनता को जवाब देना भी सरकार की जिम्मेदारी : धामी ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड

जनादेश का सम्मान, जनता को जवाब देना भी सरकार की जिम्मेदारी : धामी ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड

हर सरकार को अपनानी चाहिए यह लोकतांत्रिक परिपाटी, उपलब्धियों के साथ जनता के सामने रखा कामकाज का लेखा-जोखा

देहरादून। लोकतंत्र में जनता केवल सरकार चुनती ही नहीं, बल्कि पांच साल बाद उसके कामकाज का हिसाब भी मांगती है। ऐसे में सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्यकाल की उपलब्धियों, लिए गए फैसलों, अधूरे संकल्पों और भविष्य की योजनाओं को सार्वजनिक करें। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक कर लोकतांत्रिक जवाबदेही की इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री की इस पहल को सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार ने अपने कार्यकाल के कामकाज को आंकड़ों और उपलब्धियों के साथ जनता के सामने रखा है। हालांकि किसी भी सरकार का वास्तविक मूल्यांकन जनता अपने अनुभवों और जमीनी परिस्थितियों के आधार पर करती है, लेकिन अपने कार्यों का सार्वजनिक रूप से लेखा-जोखा प्रस्तुत करना जवाबदेही की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
रिपोर्ट कार्ड में रोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, किसान कल्याण, निवेश, कनेक्टिविटी, पर्यटन और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है।
36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, प्रदेश में पांच वर्षों के दौरान 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। वहीं प्रदेश को देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल हुई।
महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में सरकार ने 3.10 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का दावा किया है। 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को आजीविका मिशन से जोड़ते हुए 70,767 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया।
स्वास्थ्य और किसान कल्याण में योजनाओं का विस्तार
अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए। योजना के माध्यम से 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई।
निवेश और बुनियादी ढांचे को मिली गति
औद्योगिक विकास की दिशा में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतरने की बात रिपोर्ट कार्ड में कही गई है।
कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा होने का उल्लेख किया गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2,826 सड़कों के माध्यम से 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया।
पर्यटन और सुशासन में भी उपलब्धियों का दावा
पर्यटन के क्षेत्र में इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का उल्लेख किया गया है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला आजादी के बाद देश का पहला राज्य बना। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का दावा भी रिपोर्ट कार्ड में किया गया है।
हर सरकार को पेश करना चाहिए रिपोर्ट कार्ड
लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि सरकारें अपने कार्यकाल के अंत में जनता के सामने उपलब्धियों के साथ कमियों और चुनौतियों का भी ईमानदारी से मूल्यांकन रखें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह परिपाटी केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। देश के प्रत्येक राज्य की सरकार को अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए, ताकि मतदाता यह समझ सकें कि उन्हें दिए गए जनादेश के बदले सरकार ने क्या काम किया।
आखिरकार राजनीति में वादे करना आसान है, लेकिन जनता के सामने अपने काम का हिसाब रखना ही लोकतांत्रिक जवाबदेही की असली कसौटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *