धामी और भाजपा ही प्रदेश की पसंद, सर्वे में सत्तारूढ़ दल को बड़ी बढ़त

धामी और भाजपा ही प्रदेश की पसंद, सर्वे में सत्तारूढ़ दल को बड़ी बढ़त

धामी और भाजपा ही प्रदेश की पसंद, सर्वे में सत्तारूढ़ दल को बड़ी बढ़त

53.4 प्रतिशत मतदाताओं का भाजपा पर भरोसा, कांग्रेस 36.6 प्रतिशत पर सिमटी; मुख्यमंत्री की पसंद में भी पुष्कर सिंह धामी आगे

 

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सामने आए एक सर्वे में भाजपा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जनता का मजबूत समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। सर्वे के मुताबिक, प्रदेश में 53.4 प्रतिशत मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में भरोसा जताया है, जबकि कांग्रेस को 36.6 प्रतिशत समर्थन मिला है। दोनों दलों के बीच 16.8 प्रतिशत अंकों का अंतर सामने आया है, जो सत्तारूढ़ भाजपा की बढ़त को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री पद की पसंद को लेकर भी सर्वे में पुष्कर सिंह धामी आगे नजर आए। मुख्यमंत्री धामी को 42.3 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया, जबकि कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल को 35.3 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला। यह आंकड़े प्रदेश की राजनीति में धामी की लोकप्रियता और भाजपा के प्रति जनता के भरोसे को रेखांकित कर रहे हैं।

 

सर्वे में कुल 10,235 उत्तरदाताओं को शामिल किया गया। इनमें 51.2 प्रतिशत लोगों ने भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने की उम्मीद जताई। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कामकाज से 62.6 प्रतिशत उत्तरदाता सकारात्मक नजर आए। कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और किसान हित जैसे विषयों पर सरकार के काम को लेकर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आने का दावा किया गया है।

 

पर्यटन विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में सरकार की नीतियों को 63.1 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला। उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को 52.9 प्रतिशत लोगों ने बेहतर विकल्प माना। वहीं, अवैध धार्मिक संरचनाओं के खिलाफ कार्रवाई और बाहरी लोगों द्वारा भूमि खरीदने पर प्रतिबंधों के विषय में भी सर्वे में समर्थन दर्ज किया गया।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता के भरोसे को सरकार की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता का भाजपाऔर सरकार पर विश्वास गौरव के साथ जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सत्ता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सेवा और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

 

सर्वे के आंकड़े भाजपा के लिए उत्साहजनक संकेत माने जा रहे हैं। हालांकि, चुनावी तस्वीर का अंतिम फैसला जनता मतदान के दिन करेगी, लेकिन फिलहाल सर्वे में भाजपा और मुख्यमंत्री धामी को कांग्रेस के मुकाबले बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *