

प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में CM आवास पर रात्रिभोज, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन
धामी बोले- प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव, उनके अनुभव और प्रतिभा से विकास को मिलेगी नई दिशा
देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास में देवभूमि की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी केवल प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त संवाहक भी हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को जीवंत रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, प्रतिभा, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस संकल्प को पूरा करने में प्रवासी समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने प्रवासियों से अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि प्रवास में रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांवों से जुड़ाव और उनके विकास में योगदान देना मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता और नंदा राजजात पर आधारित कार्यक्रम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, परंपराओं और सांस्कृतिक एकता का चित्रण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं अमूल्य धरोहर हैं। नंदा राजजात जैसी परंपराएं आस्था के साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। राज्य सरकार लोकसंस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

