


27-28 जून को होगा ‘उफतारा सम्मान एवं फिल्म फेस्टिवल-2026’, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि
देहरादून। उत्तराखंड फिल्म, टेलीविजन एवं रेडियो एसोसिएशन (उफ्तारा) के तत्वावधान में 27 एवं 28 जून को संस्कृति विभाग प्रेक्षागृह, देहरादून में दो दिवसीय ‘उफ्तारा सम्मान एवं फिल्म फेस्टिवल-2026’ का आयोजन किया जाएगा। समारोह में उत्तराखंड की फिल्म, टेलीविजन, रेडियो और सांस्कृतिक जगत से जुड़े कलाकारों, फिल्म निर्माताओं, तकनीशियनों एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे, जबकि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत और खजान दास विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
उफ्तारा के अध्यक्ष प्रदीप भण्डारी ने बताया कि समारोह का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और फिल्म उद्योग को नई पहचान देना तथा राज्य के कलाकारों और फिल्मकारों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की फिल्म नीति के बाद राज्य में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को नई गति मिली है और यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
27 जून का कार्यक्रम
समारोह के पहले दिन दोपहर 3 बजे ढोल-दमाऊ की पारंपरिक धुनों के साथ अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 3:30 बजे दीप प्रज्वलन एवं स्वागत समारोह, 3:45 बजे गढ़ वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। शाम 4 बजे उत्तराखंडी फिल्मों की 43 वर्षीय यात्रा पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा। 5:30 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुति, 5:45 बजे उत्तराखंड फिल्म उद्योग के विकास को लेकर विशेषज्ञों एवं फिल्म जगत से जुड़े लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। 6:15 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 6:30 बजे मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का संबोधन तथा 7 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद 7:30 बजे प्रथम दिवस का समापन होगा।
28 जून का कार्यक्रम
दूसरे दिन भी दोपहर 3 बजे पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। 3:30 बजे दीप प्रज्वलन, 3:45 बजे गढ़ वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद शाम 4 बजे 20 फिल्म निर्माताओं एवं वरिष्ठ कलाकारों का सम्मान किया जाएगा। 4:45 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 5 बजे 20 विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट विभूतियों का सम्मान, 5:45 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुति तथा 6 बजे पुनः 20 फिल्म निर्माताओं एवं वरिष्ठ कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। शाम 7 बजे उफ्तारा पदाधिकारियों का संबोधन होगा, जबकि 8 बजे मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का संबोधन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और रात 8:30 बजे दो दिवसीय समारोह का समापन होगा।
आयोजन को द हिली फाउंडेशन का मुख्य सहयोग प्राप्त है। आयोजकों ने प्रदेशभर के कलाकारों, फिल्मकारों, साहित्यकारों, सांस्कृतिक कर्मियों एवं आमजन से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।
