



कौशल विकास से सशक्त होंगे उत्तराखण्ड के युवा: मंत्री, भरत सिंह चौधरी


कैबिनेट मंत्री, भरत सिंह चौधरी ने आज देहरादून स्थित ‘यूथ एजुकेशनल सोसाइटी’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना ( DDU-GKY) के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को यूनिफॉर्म वितरित करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। मंत्री, भरत सिंह चौधरी ने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीब ग्रामीण युवाओं का कौशल विकास करते हुए उन्हे न्यूनतम या इससे अधिक नियमित मासिक मजदूरी वाले रोजगार दिलाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग द्वारा वित्त पोषित DDU-GKY जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कौशल विकास ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड की आधारशिला है और, हमारी सरकार युवाओं को केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि रोजगार के ठोस अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री, भरत सिंह चौधरी ने यूथ एजुकेशनल सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निजी संस्थानों और सरकार के समन्वय से ही कौशल विकास के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रदेश में रोजगार सृजन को नई गति देंगे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं/छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री,भरत सिंह चौधरी ने उन्हें अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में श्री अरुण चमोली, अध्यक्ष, यूथ एजुकेशनल सोसाइटी, संस्थान के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
