पहाड़, मैदान, गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की बहनों का उमड़ा जोगेंद्र पुंडीर ‘भया’ के लिए प्यार, कार्यक्रम में दूर दूर से पहुंची बहनें सात से आठ हजार

पहाड़, मैदान, गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की बहनों का उमड़ा जोगेंद्र पुंडीर ‘भया’ के लिए प्यार, कार्यक्रम में दूर दूर से पहुंची बहनें सात से आठ हजार

रक्षाबंधन केवल धागा नहीं, बहनों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प : जोगेंद्र पुंडीर

पहाड़, मैदान, गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की बहनों का उमड़ा जोगेंद्र पुंडीर ‘भया’ के लिए प्यार

सात से आठ हजार बहनों की मौजूदगी से गदगद हुए मुख्यमंत्री धामी, आयोजक पुंडीर की थपथपाई पीठ

नंदा देवी राजजात डोली का नृत्य बना समारोह का मुख्य आकर्षण
देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं क्रीड़ा भारती उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह पुंडीर की ओर से आयोजित भव्य रक्षाबंधन समारोह में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की शानदार झलक देखने को मिली। पहाड़, मैदान, गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार क्षेत्र से पहुंची हजारों बहनों ने जोगेंद्र पुंडीर को अपना भाई मानकर रक्षा सूत्र बांधा। कार्यक्रम में करीब सात से आठ हजार बहनों की मौजूदगी ने समारोह को भव्य बना दिया।

बहनों के स्नेह से भावुक हुए जोगेंद्र पुंडीर

बहनों के अपार स्नेह और आत्मीयता से जोगेंद्र सिंह पुंडीर भी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से बहनों का इस तरह प्यार और आशीर्वाद मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता राजनीति से परे आत्मीयता, विश्वास और पारिवारिक भावनाओं का रिश्ता है।

मुख्यमंत्री धामी ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे। सात से आठ हजार बहनों की भारी भीड़ देखकर मुख्यमंत्री धामी ने प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजन की भव्यता की सराहना की। मुख्यमंत्री ने आयोजक जोगेंद्र सिंह पुंडीर की पीठ थपथपाकर उनके प्रयासों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से कार्यक्रम में मौजूद मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, राज्य मंत्री अनुराधा वालिया, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष विनोद पंवार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नंदा देवी राजजात डोली के नृत्य ने बांधा समां

रक्षाबंधन समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। नंदा देवी राजजात डोली का पारंपरिक नृत्य समारोह का विशेष आकर्षण रहा। डोली के साथ कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग से भर दिया। प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया और जमकर तालियां बटोरीं।

रक्षा सूत्र प्रेम के साथ सुरक्षा और सम्मान का संकल्प : पुंडीर

जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधा जाने वाला रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से समाज को संस्कार और महत्वपूर्ण संदेश भी मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन हमें संकल्प लेने का अवसर देता है कि समाज की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। रक्षा सूत्र तभी सार्थक होगा, जब हर बहन स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे।

बहनों का प्यार और विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी”

पुंडीर ने कहा कि पहाड़, मैदान, गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार से आई बहनों ने जिस आत्मीयता के साथ उन्हें रक्षा सूत्र बांधा है, वह उनके लिए जीवनभर याद रहने वाला पल है। उन्होंने कहा कि बहनों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा होना उनके लिए कोई राजनीतिक दायित्व नहीं, बल्कि पारिवारिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “मेरे लिए ये बहनें केवल कार्यक्रम में शामिल होने वाली मातृशक्ति नहीं, बल्कि मेरे परिवार का हिस्सा हैं। इनका प्यार, आशीर्वाद और विश्वास मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी है।”
एक मंच पर दिखी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की सांस्कृतिक विविधता एक ही मंच पर दिखाई दी। लोकगीत, पारंपरिक प्रस्तुतियों और नंदा देवी राजजात डोली के नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
बहनों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प दोहराया
कार्यक्रम के अंत में जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर मिला यह स्नेह और विश्वास उन्हें समाज के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सदैव साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *