


प्रियंका-ज्योति मुलाकात के निकाले जा रहे सियासी मायने, धर्मपूर से टिकट की ज्योति कर रही तैयारी
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी बीच उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला की कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, लोकसभा सांसद एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी से हुई महत्वपूर्ण मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर हुई इस मुलाकात में उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती, महिला शक्ति की भूमिका तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। ज्योति रौतेला ने प्रदेश की जमीनी परिस्थितियों एवं कार्यकर्ताओं की भावनाओं से प्रियंका गांधी जी को अवगत कराया।
साथ ही प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया। मुलाकात के दौरान ज्योति रौतेला ने उन्हें देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया, जिस पर प्रियंका गांधी ने सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए जल्द उत्तराखंड आने की इच्छा जताई।
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन की सक्रिय रणनीति और बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देख रहे हैं। माना जा रहा है कि उत्तराखंड में कांग्रेस अब महिला नेतृत्व, युवा भागीदारी और जमीनी मुद्दों के माध्यम से चुनावी माहौल को धार देने की तैयारी में जुट चुकी है।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
