


रानी पोखरी में गूंजे भक्ति के स्वर: सिद्धि बसु गुरु माता के अखंड ज्योत दिवस पर गंगा दशहरा पर दिव्य आयोजन, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने लिया माता का आशीर्वाद
रैबार पहाड़ का
देहरादून:गंगा दशहरे के पावन अवसर पर रानी पोखरी स्थित नागाघेर में सिद्धि बसु गुरु माता के अखंड ज्योत स्थापना दिवस का भव्य और दिव्य कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष की भांति इस बार भी सैकड़ों भक्तों ने श्रद्धा से कार्यक्रम में भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री *सुबोध उनियाल, माता सिद्धि बसु गुरु माता और विशिष्ट अतिथि अर्जून सिंह गहरवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। शुभारंभ पर प्रसिद्ध लोक गायक वीरेंद्र डंगवाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन युवा कवि पत्रकार *दीपक कैंतुरा* ने किया। उनके कुशल संचालन ने पूरे आयोजन को व्यवस्थित और गरिमामय बनाए रखा।
अखंड ज्योत कार्यक्रम में संत समाज से जुड़े साधु-संतों ने माता की तपस्या और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता ने आठ वर्ष तक बद्रीनाथ गुफा में कठोर तपस्या कर सिद्धि प्राप्त की। आज हजारों श्रद्धालु उनकी कृपा से अपनी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं और दरबार में मनोकामनाएं पूर्ण हो रही हैं।
कार्यक्रम में लोक संगीत की छटा भी देखते ही बनी। चर्चित गायिका *मंजू नौटियाल*, सुप्रसिद्ध लोक गायिका *शंकुतला कैंतुरा नेगी*, युवा गायक *राम कोशल*, लोक गायिका *पिंकी जोशी* और *बीना भट्ट* ने जागर-भजनों से समां बांध दिया। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित उत्तराखंड की महिला ढोल वादक *उखा देवी* ने अपने जागर और गीतों से सबका ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर माता सिद्धि बसु गुरु माता ने 13 कीर्तन मंडलियों को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के हाथों ढोलक भेंट कीं। साथ ही समाज में सकारात्मक योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पोल खोल बहुगुणा, रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं डीडी न्यूज संवाददाता कुलदीप राणा आजाद, तहलका के दिग्विजय सिंह चौहान, पहाड़ी खबरनामा के शैलेन्द्र सिंह रावत, अपना रुद्रप्रयाग के प्रकाश रावत और लोकार्पण के अंकित गैरोला शामिल रहे।
कार्यक्रम में माता के सैकड़ों भक्तों ने श्रद्धा से शीश झुकाया और अपनी श्रद्धानुसार भेंट चढ़ाई। पूरे आयोजन में भक्ति, संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, कार्यक्रम का संचालन युवा कवि पत्रकार दीपक कैन्तुरा ने किया
